फतेहाबाद। जिले के रतिया क्षेत्र के गांव हमजापुर में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गोरा के रूप में हुई है, जो पेशे से हलवाई का काम करता था। मंगलवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, गोरा गत दिवस शाम को अपना काम खत्म करके घर लौट रहा था। शाम को परिजनों को सूचना मिली कि वह रतिया की छोटी नहर के पास बेसुध पड़ा हुआ है। मृतक के भाई मंगा ने बताया कि उनके परिचित बग्गा के पास फोन आया था कि गोरा नहर के पास बेहोश है। बग्गा ने तुरंत इसकी जानकारी परिवार को दी। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर पहले एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद उसे रतिया के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोरा के साथ काम करने वाले राजकुमार ने बताया कि गोरा शाम को उसके पास से काम निपटाकर घर के लिए निकला था। उसके महज एक घंटे बाद ही उसकी मौत की खबर आ गई, जिससे साथी कर्मचारी भी स्तब्ध हैं। मृतक गोरा शादीशुदा था और अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गया है। इस अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रतिया के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।













