BREAKING NEWS

logo

साइबर ठगों ने युवती के बैंक अकाउंट से 50,661 रुपये उड़ाए


फतेहाबाद। टोहाना क्षेत्र की एक युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई। अज्ञात ठगों ने उसके बैंक अकाउंट से 50 हजार 661 रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह है कि पीड़िता के पास न तो कोई ओटीपी आया और न ही उसने किसी को अपना पासवर्ड या अन्य विवरण बताया। इसके बावजूद उसके खाते से राशि गायब हो गई। पीड़ित युवती की शिकायत पर शुक्रवार को साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में टोहाना के गांव रूपावाली निवासी पायल पुत्री धर्मचंद ने बताया कि वह बालाजी एजेंसी, कुलां में अकाउटेंट के पद पर जॉब करती है। उसका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, ब्रांच कुलां में खाता है। 19 दिसंबर 2025 को वह घर पर थी, तभी उसके मोबाइल पर खाते से रुपए कटने का मैसेज आया। युवती ने बताया कि इसके बाद उसने अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो उसके खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन से कुल 50 हजार 661 रुपए निकले हुए दिखे। पायल ने बताया है कि उसने किसी के साथ न तो कोई ओटीपी साझा किया और न ही किसी को कोई पासवर्ड बताया।

 किसी ने जान बूझकर उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए उसके अकाउंट से 50 हजार 661 रुपए हड़प लिए हैं। इस पर युवती ने तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद साइबर पुलिस स्टेशन में उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज करवाए। अब साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। इस मामले में साइबर पुलिस स्टेशन प्रभारी राहुल देव ने बताया कि युवती की शिकायत मिलने के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Subscribe Now