logo

ऑनलाइन ठगी के आरोपी को फतेहाबाद पुलिस ने कोलकाता से किया गिरफ्तार


फतेहाबाद। फतेहाबाद की साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में गहनता से जांच करते हुए एक युवक को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक कुल पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

 पकड़े गए आरोपी की पहचान कोलकाता निवासी मोहम्मद इहतिसामुद्दीन के रूप में हुई है। मंगलवार को थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि ठगी की यह घटना 9 दिसंबर 2024 को घटित हुई थी। शिकायतकर्ता जोगिन्द्र कुमार, निवासी शिव नगर, फतेहाबाद ने साइबर पोर्टल पर दर्ज अपनी शिकायत में बताया था कि उसके मोबाइल फोन पर एक संदिग्ध लिंक आया था।

 जैसे ही उसने उस लिंक पर क्लिक किया, उसके फोन में एक अज्ञात एपीके फाइल ऑटोमैटिक डाउनलोड हो गई। इस फाइल के जरिए साइबर ठगों ने जोगिन्द्र के मोबाइल फोन का पूरा एक्सेस अपने नियंत्रण में ले लिया। इसके तुरंत बाद, ठगों ने उसके एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते हुए कुल 75 हजार 900 रुपये की अवैध ट्रांजेक्शन कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

 जांच के दौरान पुलिस की टीम कोलकाता, पश्चिम बंगाल तक जा पहुंची, जहाँ से आरोपी मोहम्मद इहतिसामुद्दीन को काबू किया गया। आरोपी साउथ 24 परगना जिले के क्रिस्टोफर रोड स्थित फ्लोरा फाउंटेन का निवासी है। इस धोखाधड़ी के संबंध में थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में मामला दर्ज है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह के चार सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था और मोहम्मद इहतिसामुद्दीन इस कड़ी में पांचवा आरोपी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और क्या इन्होंने जिले के अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है।

Subscribe Now