युवक को मुखाग्नि उसके चचेरे भाई अमनजोत सिंह ने दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। जानकारी के अनुसार, उधमप्रीत सिंह वर्ष 2021 में उच्च शिक्षा के लिए स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। वह ब्रैम्पटन में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ काम भी कर रहा था। गत 26 फरवरी को वह अपने एक मित्र के साथ कार से टोरंटो की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे एक ट्रक से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई।
यमुनानगर : कनाडा हादसे में मारे गए युवक का अंतिम संस्कार, इकलौते बेटे की विदाई पर बिलख उठा परिवार
कनाडा में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले यमुनानगर के 24 वर्षीय युवक उधमप्रीत सिंह का पार्थिव शरीर भारत पहुंचने के बाद गुरुवार को पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटे की असमय मृत्यु से परिवार और आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। अलसुबह युवक का पार्थिव शरीर दिल्ली हवाई अड्डे से यमुनानगर स्थित उसके निवास छोटा मॉडल टाउन लाया गया। शव के घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
माता-पिता अपने इकलौते बेटे को खोने के दर्द से व्यथित नजर आए और घर का माहौल बेहद गमगीन हो गया। आसपास के लोग और रिश्तेदार भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए यमुना घाट सिटी सेंटर स्थित श्मशान घाट ले जाया गया। यहां अरदास के उपरांत अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उधमप्रीत सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार, उधमप्रीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके पिता गुरविंद्र सिंह शहर में फोटोग्राफी का व्यवसाय करते हैं। परिवार ने बेटे के बेहतर भविष्य के लिए उसे विदेश भेजा था। युवक दिसंबर 2025 में अपने माता-पिता की शादी की वर्षगांठ पर भारत आया था और कुछ समय परिवार के साथ बिताने के बाद कनाडा लौट गया था। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार और क्षेत्र के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।












