BREAKING NEWS

logo

फतेहाबाद में 14 परीक्षा केंद्रों पर दसवीं के 4269 व 12वीं के 3697 छात्र देंगे परीक्षा


फतेहाबाद। सीबीएसई की 17 फरवरी से शुरू हो रहीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर फतेहाबाद जिले में तैयारियां फाइनल कर ली गई हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के इस वर्ष जिले के कुल 14 परीक्षा केंद्रों पर कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की परीक्षाएं आयोजित होंगी। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार कक्षा दसवीं में 4269 तथा कक्षा 12वीं में 3697 विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ है। 

परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए शिक्षा विभाग एवं केंद्र अधीक्षकों ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त स्टाफ, बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा गोपनीयता से संबंधित प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। विद्यार्थियों को समय से केंद्र पर पहुंचने, एडमिट कार्ड और आवश्यक सामग्री साथ रखने तथा बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। 

सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं के लिए जिले में बनाए गए 14 परीक्षा केंद्रों में एपेक्स पब्लिक स्कूल, एमएसडी स्प्रिंगबेल्स स्कूल, क्रेसेंट पब्लिक स्कूल, पायनियर कॉन्वेंट स्कूल, स्कॉलर्स कॉन्वेंट स्कूल, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल फतेहाबाद, डीएवी स्कूल टोहाना, डीएवी स्कूल रतिया, ग्रीन वैली स्कूल टोहाना, मदर इंडिया कॉन्वेंट स्कूल रतिया, अकाल अकादमी रतिया, मदर टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल भट्टू, जीएम मेमोरियल स्कूल लहरियां तथा जीएमएसएसएस भूना शामिल हैं। 

इन सभी केंद्रों पर परीक्षा सामग्री, निरीक्षण दल और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।सीबीएसई की कक्षा दसवीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर फतेहाबाद पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। परीक्षा अवधि के दौरान जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष पुलिस ड्यूटी तैनात की गई है।

 पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशन में तैयार सुरक्षा योजना के तहत 17 फरवरी से 11 अप्रैल तक तक जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू की गई है। जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, पीसीआर एवं राइडर टीमें तैनात रहेंगी। साथ ही, नियुक्त पर्यवेक्षण अधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

 परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों एवं यातायात अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस द्वारा सघन गश्त की जाएगी। आवश्यकता पडऩे पर यातायात मार्गों में अस्थायी परिवर्तन भी किए जाएंगे, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनावश्यक जमावड़े पर प्रतिबंध रहेगा तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

Subscribe Now