सोनीपत। सोनीपत जिले के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार तड़के कूलर, पंखे और जूसर-मिक्सर बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और कंट्रोल रूम को सूचना दी। एहतियातन आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री नंबर 56 से उठी लपटें पास की इकाइयों तक फैल गईं। एक फैक्ट्री परिसर में खड़ी कार भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे बचाव कार्य में कठिनाई आई। आग की तीव्रता इतनी थी कि कई जगह लोहे के ढांचे तक झुलस गए। सूचना मिलते ही सोनीपत के अलावा पानीपत, झज्जर समेत आसपास के क्षेत्रों से दमकल की 18 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कुंडली, राई एजुकेशन सिटी, गन्नौर, गोहाना और बहादुरगढ़ से दमकल दल लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। जरूरत पड़ने पर नरेला से भी सहायता लेने के प्रयास किए गए। कुंडली थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और क्षेत्र को खाली कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली। अधिकारियों के अनुसार प्राथमिकता आग पर काबू पाना और नुकसान को सीमित करना है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के अधिकारी रामेश्वर के अनुसार सुबह चार बजे आग लगने की सूचना मिली थी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और पास की तीन फैक्ट्रियां भी प्रभावित हुईं। फिलहाल दमकल की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हैं और पूरी तरह नियंत्रण के बाद ही आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सकेगा।













