हांसी। हांसी सीआईए टीम ने 63.7 किलो नशीले पदार्थ गांजे के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुट्टी निवासी विनोद व रविंद्र तथा जींद जिले के गांव ईगराह निवासी राकेश व मनबीर के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ बास थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी रविंद्र सांगवान ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि हांसी सीआईए स्टाफ की टीम गुरुवार रात को गांव भाटोल जाटान बस अड्डे पर मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार चार युवक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ (गांजा) लेकर गांव गढ़ी से भाटोल जाटान की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। कुछ समय बाद संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को रुकवाकर, राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी से 63 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से यह पता लगाया जाएगा कि वे नशीला पदार्थ कहां से लेकर आए थे, कहां सप्लाई करना था, और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी।













