फतेहाबाद : पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर बिना पैसे दिए भागने वाले तीन युवक काबू
फतेहाबाद,। गांव मानावाली स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल डलवाकर बिना रूपये दिए भागने के मामले में कार्रवाई करते हुए भट्टूकलां पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मताना निवासी राजकुमार , भिवानी निवासी रविंद्र व देवीलाल के रूप में हुई है। आरोपियों ने बिना नंबर प्लेट की गाड़ी का प्रयोग कर वारदात को अंजाम दिया था। मंगलवार को थाना भट्टू कलां प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि इस बारे में पुलिस ने गांव मानावाली स्थित दौलतपुरिया फिलिंग स्टेशन के सेल्समैन करण सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार 29 जनवरी की शाम को एक सफेद रंग की ग्लैंजा गाड़ी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी, पंप पर आई। गाड़ी में सवार युवकों ने 3,692 का 38.29 लीटर तेल डलवाया और पैसे देने के बजाय तेज रफ्तार में गाड़ी भगा ले गए। इस पर सेल्समैन ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में भट्टूकलां पुलिस ने 5 फरवरी को केस दर्ज किया और जांच करते हुए तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ ने बताया कि आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने इस क्षेत्र में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।












