BREAKING NEWS

logo

सोनीपत: हाईवे किनारे खेत में मिला युवक का शव


सोनीपत। सोनीपत में हाईवे 334-बी के पास गांव खेवड़ा के निकट खेतों में शुक्रवार को एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलते ही थाना बहालगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। जानकारी के अनुसार सुबह खेतों में काम करने पहुंचे लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा।

उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया। परिजनों के पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम होगा व मौत के कारणों का पता चल पाएगा। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर युवक की जैकेट और पर्स एक ओर पड़े मिले हैं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक वहां कैसे पहुंचा तथा किन परिस्थितियों में उसकी मृत्यु हुई।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी अजय (19) के रूप में हुई है। वह क्षेत्र में प्रवासी मजदूर के तौर पर कार्य कर रहा था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Subscribe Now