logo

घर में पंखे से लटका मिला शव, पुलिस कर रही है मामले की जांच


नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज क्षेत्र में एक 49 वर्षीय व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक का शव उसके आवास में छत के पंखे से फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस, पीसीआर और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पाेस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है।

दक्षिण पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने मंगलवार को बताया कि 9 फरवरी की शाम 6 बजकर 19 मिनट पर थाना वसंत कुंज साउथ को ई-2, वसंत कुंज स्थित एक मकान में आत्महत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि घर अंदर से बंद था। इसके बाद पीसीआर तथा दमकल विभाग की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। घर के भीतर एक पुरुष का शव छत के पंखे से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। शव आंशिक रूप से सड़ चुका था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत कुछ दिन पहले हुई होगी। सूचना पर अपराध जांच दल द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। जांच के उपरांत शव को सफदरजंग अस्पताल भेजा गया।

जांच में मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है। वह पेशे से प्रॉपर्टी डीलर था और अकेले रह रहा था। मृतक के परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मृत्यु को लेकर किसी प्रकार का संदेह या आपराधिक पहलू सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मृतक अपने परिवार से अलग रहता था। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

Subscribe Now