logo

इंजीनियर राशिद की जमानत याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई


नई दिल्ली। टेरर फंडिंग मामले में जेल में बंद बारामूला से सांसद इंजीनियर राशिद की अंतरिम जमानत याचिका पर मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है। यह सुनवाई दोपहर 2:30 बजे तय की गई है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की ओर से पेश वकील सिद्धार्थ लूथरा ने अदालत के सवालों पर गोपनीय दस्तावेज पेश करने को लेकर समय मांगा। उन्होंने कहा कि इस पर निर्देश लेने के लिए उन्हें कुछ समय चाहिए। एनआईए ने कोर्ट में अंतरिम जमानत का कड़ा विरोध किया।

 एजेंसी के वकील ने दलील दी कि पिछली सुनवाई में स्पेशल जज के सामने एक प्रोटेक्टेड गवाह से पूछताछ की गई थी, लेकिन वह अपने पहले दिए गए बयान से पलट गया। इस आधार पर एजेंसी ने जमानत देने का विरोध किया। वहीं, राशिद के वकील हरिहरन ने कोर्ट में मानवीय आधार पर जमानत की मांग की। उन्होंने कहा कि यह याचिका ट्रायल कोर्ट में राशिद के बुजुर्ग पिता की खराब सेहत को ध्यान में रखते हुए दाखिल की गई थी।

 उनके मुताबिक, राशिद के पिता की हालत बेहद गंभीर है और ऐसा लगता है कि वह अपने जीवन के अंतिम दौर में हैं। उन्हें मेडिकल प्रक्रिया के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हरिहरन ने यह भी कहा कि जब राशिद को चुनाव प्रचार के लिए बाहर जाने की अनुमति दी गई थी, तब एनआईए ने कोई आपत्ति नहीं जताई थी। ऐसे में अब जब वह अपने बीमार पिता से मिलने के लिए अंतरिम जमानत मांग रहे हैं, तो इसका विरोध क्यों किया जा रहा है। गौरतलब है कि इंजीनियर राशिद ने अपने बीमार पिता से मिलने के लिए अंतरिम जमानत की मांग की है। हालांकि, पटियाला हाउस कोर्ट ने उनकी इस याचिका को पहले ही खारिज कर दिया था। अब उन्होंने इस फैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है।


Subscribe Now