BREAKING NEWS

logo

महिपालपुर में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाज़ारी का भंडाफोड़, तीन आरोपित गिरफ्तार, 74 सिलेंडर बरामद


नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएस) टीम ने महिपालपुर इलाके में पिछले तीन वर्षों से चल रहे एलपीजी सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाज़ारी के रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर 74 एलपीजी सिलेंडर, गैस ट्रांसफर उपकरण, तौल मशीनें और एक वाहन बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कृष्णा (33), दिनेश साहू (46) और मिथिलेश (39) के रूप में हुई है। तीनों आरोपित कई वर्षों से दिल्ली में रह रहे हैं और महिपालपुर इलाके में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई कर कालाबाज़ारी कर रहे थे।

पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के अनुसार, एएटीएस टीम को सूचना मिली थी कि महिपालपुर स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से जमा किए गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर तीनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान 70 घरेलू और 4 कमर्शियल सहित कुल 74 सिलेंडर बरामद किए गए।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित बिना किसी वैध लाइसेंस के सिलेंडरों की सप्लाई करते थे। अधिक मुनाफा कमाने के लिए वे भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते और फिर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचते थे। इसके लिए मेटल पाइप और तौल मशीनों का इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, सिलेंडरों की ढुलाई के लिए आरोपित टाटा ऐस गोल्ड वाहन का इस्तेमाल करते थे और अवैध स्टॉक रखने के लिए किराए पर कमरा लिया हुआ था।

इस मामले में वसंत कुंज नॉर्थ थाना में आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Subscribe Now