ट्रक व माज़दा वाहन की टक्कर में दो मजदूरों की हुई मौत, तीन गंभीर
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव राष्ट्रीय राजमार्ग-30 बैरागी ढाबा के पास आज शुक्रवार काे ट्रक और माज़दा वाहन की टक्कर में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल फरसगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
दुर्घटना में माज़दा वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हाे गया। उसमें पांच से अधिक मजदूर फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। फरसगांव पुलिस और स्थानीय नागरिकों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद वाहन में फंसे मजदूराें को बाहर निकाला जा सका। मृतकों के शवों को भी कड़ी मेहनत के बाद बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में धीरे-धीरे यातायात को सामान्य किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। वहीं मृतकाें व घायलाें की पहचान की जा रही है, साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












