logo

भीषण गर्मी में केंद्रीय स्कूल का नहीं बदला टाइम टेबल


-40 डिग्री तापमान में भी सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक लग रही कक्षाएं
धमतरी। धमतरी जिले में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए जारी समय परिवर्तन आदेश का पालन नहीं हो रहा है। लोहरसी स्थित केंद्रीय स्कूल में अब भी पुरानी समय सारिणी के अनुसार कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे बच्चे भीषण गर्मी में परेशान हो रहे हैं।

नए निर्देशों के अनुसार स्कूलों का संचालन सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाना है, लेकिन संबंधित स्कूल में अभी भी सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक कक्षाएं लग रही हैं। इस कारण 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान में बच्चों को लंबे समय तक स्कूल में रहना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। स्कूल से घर पहुंचते समय तक कई बच्चों को तीन से साढ़े तीन बज जाता है। केंद्रीय स्कूल लोहरसी में कक्षा पहली से 12वीं तक लगभग 600 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। मार्च माह के पहले पखवाड़े में ही स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा समय परिवर्तन का आदेश जारी कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक अमल नहीं किया गया है। इस स्थिति को लेकर पालकों में नाराजगी देखी जा रही है।

पालक दीपक सिन्हा, गिरधर बाघमारिया, पेमेश कुमार सिन्हा, लोकेश नेताम, राकेश साहू, विजय कुमार और विनोद कुमार साहू का कहना है कि भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूल का समय बदला जाना जरूरी है। वर्तमान व्यवस्था बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ जैसी है। उन्होंने तत्काल समय परिवर्तन की मांग की है। वहीं पालक देवेश कुमार सिन्हा, कैलाश साहू और भीम कुमार ने भी कहा कि नियमों का पालन नहीं होने से बच्चे गर्मी से बेहाल हो रहे हैं और बीमार पड़ने का खतरा बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि हर साल गर्मी के मौसम में बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया जाता है, लेकिन इस बार आदेश के बावजूद पालन नहीं होने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में केंद्रीय स्कूल की प्रशासनिक अध्यक्ष एवं अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह देवहारी का कहना है कि स्कूल के नियमों में मनमाने ढंग से बदलाव संभव नहीं है। यदि पालकों की ओर से शिकायत प्राप्त होती है, तो इस विषय पर विचार कर आगे निर्णय लिया जाएगा।

Subscribe Now