BREAKING NEWS

logo

बीजापुर : स्कूल भवन के घटिया निर्माण का वीडियो हुआ वायरल, एसडीएम ने जांच की कही बात


धमतरी। जिले में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कार लॉटरी का लालच देकर ठगों ने एक रिटायर्ड कर्मचारी से करीब एक करोड़ रुपये ऐंठ लिए। मामला भखारा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम इर्रा निवासी कमलेश ठाकुर ने वर्ष 2022 में ऑनलाइन माध्यम से दवाई मंगाई थी। कुछ दिनों बाद उनके पास अज्ञात नंबर से कॉल आया और उन्हें बताया गया कि उनके नाम से कार की लॉटरी निकली है। यहीं से शुरू हुआ ठगी का सिलसिला, जो तीन साल तक चलता रहा। ठगों ने पहले “प्रोसेसिंग चार्ज” के नाम पर रकम मांगी और जल्द कार घर पहुंचाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद टैक्स, कागजी प्रक्रिया और अन्य बहानों से लगातार पैसे ऐंठते रहे।

पीड़ित को यह भी झांसा दिया गया कि यदि कार नहीं लेते हैं तो राशि खाते में जमा रहेगी और अतिरिक्त निवेश पर अधिक ब्याज मिलेगा। लालच और विश्वास के जाल में फंसे पीड़ित ने अलग-अलग यूपीआई और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से करीब एक करोड़ रुपये जमा कर दिए। लंबे समय तक कार नहीं मिलने और लगातार पैसे की मांग जारी रहने पर पीड़ित को शक हुआ। इसके बाद भखारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़ित ने बताया कि दवाई “जीवन दान आयुर्वेदिक कंपनी, कोयंबटूर (मद्रास)” से खरीदी गई थी। कंपनी के पुराने नंबर बंद होने के बाद भी नए नंबरों से संपर्क कर लगातार पैसे मांगे जा रहे थे।

सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि, वर्ष 2022 से 2025 के बीच ठगों ने अलग-अलग किस्तों में 80 लाख रुपये से अधिक की रकम ऑनलाइन और बैंक ट्रांसफर के जरिए हासिल की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की लॉटरी, इनाम या भारी मुनाफे के लालच में न आएं और संदिग्ध कॉल या मैसेज मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Subscribe Now