BREAKING NEWS

logo

अंबिकापुर : चंद घंटों में गुमशुदा बालक को पुलिस ने किया बरामद, सुरक्षित लौटा घर


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गुम हुए एक नाबालिग बालक को चंद घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बालक घर से बिना बताए निकल गया था और अपने घर का पता भी सही तरीके से नहीं बता पाने के कारण भटक गया था। पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता के चलते बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका।

गांधीनगर पुलिस ने आज सोमवार को बताया कि, 8 मार्च 2026 को प्रार्थिया ने थाना गांधीनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बड़ा बेटा अपनी नानी के साथ घर पर था। इसी दौरान वह बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इस पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 133/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई कर नाबालिग को तलाशने के निर्देश दिए। निर्देश के बाद थाना गांधीनगर पुलिस और डायल 112 की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बालक की तलाश शुरू की। संयुक्त टीम के प्रयास से बालक को सरगवां क्षेत्र में सकालो महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के पास से कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस द्वारा बरामद किए जाने के बाद नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह अपनी इच्छा से घर से निकल गया था और उसके साथ इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने सरगुजा पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, डीसीसी प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, महिला प्रधान आरक्षक फिलोमीना पन्ना, प्रधान आरक्षक संजीव कुमार त्रिपाठी, आरक्षक घनश्याम देवांगन, जगेश्वर मरकाम, अजय कुमार थवाईत, महेंद्र कुमार तथा सक्रिय चालक अमित तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Subscribe Now