BREAKING NEWS

logo

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो सट्टा खाईवाल गिरफ्तार


रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ में थाना चक्रधर नगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने साेमवार की देर शाम ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम द्वारा बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में छापेमारी कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो सट्टा खाईवालों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर विकास अग्रवाल नामक व्यक्ति द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से साेमवार काे चल रहे क्रिकेट वर्ल्ड कप के इंग्लैण्ड और इटली के मैच पर ऑनलाइन सट्टा लिया जा रहा है। सूचना पर थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर रेड कार्रवाई की, जहां विकास अग्रवाल और उसके साथ मौजूद विनय अग्रवाल फैक्ट्री के एक अलग कमरे में बैठकर तीन मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाए गए।

पूछताछ में आरोपित विकास अग्रवाल ने अपने साथी विनय अग्रवाल और गगन अग्रवाल निवासी खरसिया के साथ मिलकर सट्टा खाईवाल का काम करना स्वीकार किया। आरोपित विकास अग्रवाल के पास से वन प्लस मोबाइल और एप्पल आईफोन जब्त किया गया, जिनका उपयोग उनके साथी सट्टा संचालक और सट्टा खेलने वालों से संपर्क के लिए किया जा रहा था। उसके पास से सट्टा से प्राप्त 2000 नकद भी बरामद किया गया। वहीं आरोपित विनय अग्रवाल के कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसमें ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट लॉगइन मिली। आरोपितों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। उनका साथी सट्टा संचालक गगन अग्रवाल फरार है जिसकी पतासाजी की जा रही है।

Subscribe Now