सरगुजा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 57 डिसमिल जमीन से हटाया अतिक्रमण
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू की है। जल मार्ग को बाधित करने और बिना अनुमति के जमीन पर मिट्टी पाटने के मामले में नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
यह कार्रवाई उस क्षेत्र में की जा रही है, जहां करीब 57 डिसमिल जमीन पर अवैध रूप से मिट्टी डालकर कब्जा करने की कोशिश की गई थी। आरोप है कि संबंधित लोगों ने रिंगबांध क्षेत्र में जल निकासी मार्ग को अवरुद्ध कर दिया था, जिससे आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन और नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से पाटी गई मिट्टी को हटाया जा रहा है और जल मार्ग को पुनः बहाल करने का काम जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अतिक्रमण न केवल कानून के खिलाफ हैं, बल्कि पर्यावरण और आम जनता के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण या भूमि भराई पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, खासकर मानसून से पहले इस तरह की कार्रवाई और भी जरूरी हो जाती है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या अतिक्रमण से बचें और नियमों का पालन करें। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां पाई जाती हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से यह साफ संकेत मिल रहा है कि अवैध कब्जों और जल मार्गों में बाधा डालने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में सुव्यवस्थित विकास और आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।











.jpg)
.jpg)