logo

जशपुर : 112 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 56 लाख की जब्ती


जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन आघात” के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने पत्थलगांव क्षेत्र में घेराबंदी कर एक कार से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार कर साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल को रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध टोयोटा इलियट कार (डीएल-3 सीबी-5298) में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू किया और इसकी जानकारी जशपुर पुलिस को दी गई। इसके बाद पत्थलगांव थाना पुलिस ने पुरानी बस्ती के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की।

संदिग्ध कार मौके पर पहुंची, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार में भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया, इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर नाले के गड्ढे में फंस गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली, जिसमें पीछे की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए 7 प्लास्टिक बोरियों में 108 पैकेट गांजा बरामद हुआ।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान संजीव कुमार नट (30 वर्ष), निवासी इटावा (उत्तरप्रदेश) और विजय पंडित (28 वर्ष), निवासी वैशाली (बिहार) हाल निवास लोनावाला (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा के संबलपुर से गांजा खरीदकर उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे।

पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत करीब 54 लाख रुपये और तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग दाे लाख रुपये आंकी है। इस तरह कुल 56 लाख रुपये की जब्ती की गई है। आरोपितों के खिलाफ पत्थलगांव थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक कृपादान लकड़ा सहित पुलिस टीम और रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Subscribe Now