BREAKING NEWS

logo

जगदलपुर : बुजुर्ग ने पहले पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर स्वयं लगा ली फांसी


जगदलपुर। जगदलपुर में बुजुर्ग ने अपनी बीमार पत्नी की सिर और गले पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। उसके बाद स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आज बुधवार सुबह उसके पुत्र ने कमरे का दरवाजा खोला तो दोनों का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आस-पास के लोगों और परिजनों से पूछ-ताछ कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग तारा सिंह (73) अपनी पत्नी विजय (70) और बेटे के साथ शहर के बैलाबाजार इलाके में रहता था।

 तारा सिंह थोड़ा गुस्से वाला था, उसकी पत्नी बीमार रहती थी। घर के पहली मंजिल में उसका पुत्र रहता है। ये दोनों बुजुर्ग दंपति नीचे मकान में रहते थे। पत्नी की बीमारी सहित पारिवारिक कारणों की वजह से इनके बीच अक्सर विवाद होते रहता था। एक दिन पहले मंगलवार 3 फरवरी की रात दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इनका पुत्र मां-बाप के पास आया और विवाद को शांत करवाया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया ।

 रात करीब दो-ढाई बजे के बाद दोनों पति-पत्नी के बीच में दोबारा विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए पति ने घर में नारियल काटने वाले धारदार हथियार से अपनी पत्नी के गले और सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद पानी गर्म करने वाले रॉड के तार का फंदा बनाया और चैनल गेट पर उसे बांधकर फांसी पर लटक गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। आज बुधवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच उसका पुत्र जब नीचे अपने माता-पिता के पास आया तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने माता-पिता को आवाज दी। जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने किसी तरह दरवाजा खोला, अंदर जाकर देखा तो दोनों का शव पड़ा था। फिलहाल पुलिस आस-पास के लोगों और परिजनों से पूछ-ताछ कर मामले की जांच कर रही है।

Subscribe Now