कोरबा। जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर झरना मोड़ के पास गुरुवार देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि हादसे के दौरान दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए, जिससे कुछ लोगों की जान बच सकी। दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मोरगा चौकी पुलिस तथा डायल 112 को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को पोड़ी उपरोड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार एक आल्टो 100 कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दूसरी कार में तीन लोग सवार थे और तीनों घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायल और मृतक कोरबी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
मृतकों में एक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और शुक्रवार सुबह कानूनी कार्रवाई के साथ आगे की जांच की जा रही है।
कोरबा : केंदई नेशनल हाईवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, पांच घायल












