BREAKING NEWS

logo

जगदलपुर : विभाग की प्राथमिकता वाली योजनाओं को बेहतर तरीके से क्रियान्वयन करें : कलेक्टर


जगदलपुर। बस्तर जिले के कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि, विभाग की प्राथमिकता वाली योजना को बेहतर तरीके से क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने शासन के प्रमुख योजनाओं के दस-दस हितग्राहियों को मॉडल के रूप में चयनित करने के लिए कहा, जिनको अन्य लोगों को योजना का लाभ लेने हेतु प्रेरित करने के लिए उपयोग किया जा सके। आज मंगलवार काे जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने आगामी 22 मार्च को आयोजित की जा रही बस्तर हेरीटेज मैराथन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक लोगों से पंजीयन करवाने कहा। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर जनपद में कार्यक्रम आयोजन की तैयारियों के लिए अधिकारियों को दायित्व दिए। कलेक्टर ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष के चयनित ग्रामों में विभिन्न विभागों की योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाने पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले में विकास कार्यों को गति मिल सके।

कलेक्टर ने बैठक में ई-प्रगति पोर्टल की प्रविष्टियों, डेफ्ट खातों में लंबित राशि जमा कराने,पी एम श्री स्कूल के तहत संचालित विकास कार्यों की प्रगति तथा धान के उठाव की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राशन दुकानों में खाद्य सामग्री के पर्याप्त भंडारण एवं समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने संपूर्णता अभियान 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन, राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों के निराकरण, लखपति पहल योजना की प्रगति, पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं स्थापना कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि में एग्रिस्टैक की प्रगति एवं किसानों के ई-केवाईसी की स्थिति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल आपूर्ति के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, कृषि विभाग, मत्स्य एवं पशुपालन विकास विभाग की गतिविधियों, विभिन्न निर्माण विभागों के प्रगतिरत कार्यों तथा कौशल विकास से संबंधित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने समय-सीमा के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सीपी. बघेल, आयुक्त नगर निगम प्रवीण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe Now