छग के जांजगीर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या, खाट पर खून से लथपथ मिलीं लाशें

छग के जांजगीर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या, खाट पर खून से लथपथ मिलीं लाशें
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के भवंतरा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य निर्माणाधीन मकान में खाट पर सो रहे थे। बुधवार देर रात अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गुरुवार सुबह जब निर्माण कार्य के लिए मिस्त्री मौके पर पहुंचा, तब चारों की लाशें खून से लथपथ हालत में मिलीं।

मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप (70 वर्ष), उनकी पत्नी कांती बाई (65 वर्ष), नातिन मोगरा (25 वर्ष ) और नाती पीतांबर (17 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों निर्माणाधीन मकान में एक ही घर में साथ रहते थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद या अन्य कारणों की जांच की जा रही है। गांव में भय और आक्रोश का माहौल है तथा पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Subscribe Now