जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जनगणना जैसे प्रशासनिक कार्यों के चलते भी समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान है, ताकि परीक्षा परिणाम निर्धारित समय पर जारी हों। 10वीं-12वीं की 83,235 कॉपियों का मूल्यांकन अंतिम चरण में है। कई केंद्रों पर अधिकांश उत्तरपुस्तिकाओं की जांच पूरी हो चुकी है। अब केवल अंतिम बैच की कॉपियों का मूल्यांकन होना शेष है। परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों और अभिभावकों में उत्सुकता है। जैसे-जैसे परिणाम की संभावित तिथि नजदीक आ रही है, विद्यार्थियों की धड़कनें तेज होने लगी हैं। कई छात्र भविष्य की योजनाओं को लेकर चिंतित और उत्साहित, दोनों हैं।
डीईओ बलीराम बघेल ने बताया कि परिणाम अप्रैल के अंतिम या मई के पहले हफ्ते जारी होंगे। उम्मीद है कि इस साल परिणाम पिछले सालों की तुलना में बेहतर होंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस बार मूल्यांकन व्यवस्थित और समयबद्ध हो रहा है, जिससे परिणाम समय पर जारी होंगे।
10वीं-12वीं बोर्ड: 83 हजार कापियां जांचने का काम अब अंतिम पड़ाव में
जगदलपुर। जिले में 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा होने के बाद कॉपियों का मूल्यांकन तेजी से हो रहा है। निर्धारित समय सीमा में परिणाम घोषित करने मूल्यांकन प्राथमिकता से हो रही है। इसे लेकर मूल्यांकनकर्ताओं को खास ट्रेनिंग दी गई है, जिससे कोई गलती न हो। वहीं हिंदी पेपर लीक होने की घटना के बाद 10 दिन पहले ही दोबारा परीक्षा ली गई थी। इन कॉपियों को स्थानीय स्तर पर जांचने की जगह अन्य जिलों में भेजा जा रहा है, ताकि निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे। करीब 7,464 कॉपियां मूल्यांकन के लिए बाहर भेजी गई हैं । शिक्षा विभाग के अनुसार इस साल मूल्यांकन तेजी से करने अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था की है।












