logo

सद्भावना चौक हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबंध के शक में की थी महिला की हत्या


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बहुचर्चित सद्भावना चौक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की जघन्य हत्या के इस मामले में पुलिस ने आरोपित पर कुल 35 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन और डीआईजी व एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपित को पकड़ने में सफलता हासिल की। जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध के शक को लेकर आरोपित ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी थी।

अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना 3 अप्रैल 2026 की है, सद्भावना चौक रिंग रोड स्थित एक झाला में अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। सीसीटीवी फुटेज और परिजनों की पहचान के आधार पर आरोपित की पहचान की गई, जो घटना के बाद से फरार था। आरोपित की तलाश में सरगुजा समेत सीमावर्ती जिलों में अभियान चलाया गया और उसका फोटो भी प्रसारित किया गया।

आखिरकार आरोपित को एमसीबी जिले के चिरमिरी से गिरफ्तार किया गया, जहां वह छिपकर रह रहा था। आरोपित की पहचान छोटू उर्फ मिथुन उर्फ राम सिंह (30 वर्ष), निवासी मकनपुर, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह और मृतका मजदूरी के दौरान एक-दूसरे के संपर्क में आए थे और साथ रहते थे। हाल ही में उसे महिला के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक हुआ, जिसके बाद विवाद बढ़ा और उसने वारदात को अंजाम दे दिया।

घटना के बाद आरोपित अंबिकापुर से पैदल भागकर रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से बिश्रामपुर होते हुए नागपुर और फिर चिरमिरी पहुंच गया था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले में कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और चिरमिरी पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।

Subscribe Now