मीरजापुर। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात शराब के नशे में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो लोगों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की तलवार से गला रेतकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर आरोपितों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है।
आपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन मनीष मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि शहर कोतवाली इलाके के पक्का पोखरा निवासी पंचदेव चौहान (35) और रमेश धरिकार (50) बीती रात बुधवार करीब साढ़े नौ बजे घर पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। इस बीच रमेश धरिकार और उसके परिवार के एक अन्य युवक ने घर में रखी तलवार ले आए और पंचदेव चौहान के गले पर वार कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली के साथ कटरा और देहात कोतवाली की पुलिस मौके पर पंहुची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एएसपी आपरेशन ने बताया कि घायल रमेश धरिकार को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तलवार बरामद कर ली है और एक आरोपित को भी हिरासत में ले लिया गया है। वहीं अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद मोहल्ले में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।













