फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेशश के जनपद फर्रुखाबाद थाना जहांनगंज क्षेत्र के बेहटा गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में आलू खोदने गए किसान का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुनील वर्मा पुत्र हेतराम वर्मा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सुनील सुबह करीब 6 बजे घर से लगभग दो किलोमीटर दूर काली नदी किनारे स्थित अपने खेत पर आलू खुदाई के लिए गए थे। करीब आधे घंटे बाद उनका छोटा भाई अनिल भी खेत पर पहुंचा। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि कुछ आलू खुदे पड़े थे, जबकि सुनील खेत में अचेत अवस्था में पड़े थे। पास जाकर देखने पर उनके सिर पर गहरे चोट के निशान दिखाई दिए और उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मौके पर फील्ड यूनिट, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी राजेश राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।













