सिलीगुड़ी। माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग को लेकर छात्र सुभोजीत मोदक (15) की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपित काजल पासवान उर्फ राज (24) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात एनजेपी इलाके से गिरफ्तार किया।
उल्लेखनीय है कि माटीगाड़ा के शिमुलतला इलाके निवासी कक्षा दसवीं के छात्र सुभोजीत मोदक पिछले शनिवार से लापता थे। तीन दिन बाद सोमवार देर रात उनका शव सुकना के जंगल से बरामद किया गया।
परिवार और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के कारण की गई। इस मामले में पुलिस ने पहले एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। उसी की निशानदेही पर जंगल से शव बरामद हुआ। घटना के बाद से मुख्य आरोपित काजल पासवान फरार था। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपितों को फांसी देने की मांग की। घटना के बाद पुलिस पर काफी दबाव था। लगातार जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश करेगी।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बेल्ट भी बरामद कर ली है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में छात्र की हत्या, मुख्य आरोपित गिरफ्तार












