सिरसा। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए सिरसा जिले क्षेत्र से चार हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तस्करों से करीब बीस लाख रुपये की 111 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा निवासी सौरव, अनिल कुमार, गुरसिमरत व राजदीप सिंह के रूप में हुई है।
सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान शहर के भगत सिंह पार्क क्षेत्र में मौजूद थी। पार्क के बाहर सडक़ किनारे खड़े मोटरसाइकिल पर दो युवक बैठे थे, जो कि पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 105 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उधर, सीआईए कालांवाली पुलिस ने डबवाली क्षेत्र से गुरसिमरत व राजदीप सिंह को छह ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान उनसे गहन पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के नेक्सस को तोडऩे और आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराध एवं अपराधियों के नेक्सस को तोडऩा तथा आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस नशा तस्करों और अपराधियों का समूल सफाया करने तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार












