BREAKING NEWS

logo

बैंक फ्रॉड से जुड़े मामले में ईडी ने अनिल अंबानी को 26 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया


नई दिल्‍ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अनिल अंबानी को बैंक फ्रॉड से जुड़े मामले में नया समन जारी करके 26 फरवरी को प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय में पेश होने के लिए तलब किया है, क्योंकि वे बुधवार को निर्धारित तारीख पर ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे। केंद्रीय जांच एजेंसी ने उनकी पत्नी टीना अंबानी को भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तलब किया है, लेकिन उनके पेश होने के लिए नई तारीख से जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

ईडी के अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम, 2002 (पीएमएलए) के तहत उनके अलग-अलग बयान दर्ज करने के लिए उन्‍हें 26 फरवरी को बुलाया है। अनिल अंबानी अगस्त, 2025 में एक बार ईडी के समक्ष पेश हुए थे। अनिल अंबानी की पत्नी और पूर्व अभिनेत्री टीना अंबानी भी ईडी के दूसरी बार समन जारी किए जाने के बावजूद 17 फरवरी को जांच एजेंसी के सामने समक्ष नहीं हुई थीं। उन्हें ईडी के समक्ष पेश होने के लिए 10 फरवरी को पहला समन जारी किया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं, जिसके बाद उन्हें नया नोटिस दिया गया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ईडी ने उन्हें भी अगली तारीख दी है या नहीं।

ऐसा माना जा रहा है कि टीना अंबानी को न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक लग्जरी आवासीय संपत्ति की खरीद से जुड़े धन के लेन-देन के संबंध में पूछताछ के लिए केंदीय जांच एजेंसी ने बुलाया है। ईडी ने हाल में इस मामले में रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) के पूर्व अध्यक्ष पुनीत गर्ग को गिरफ्तार किया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने पहले जारी एक बयान में आरोप लगाया था कि आरकॉम की कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) के दौरान 2023 में न्यूयॉर्क स्थित इस संपत्ति को गर्ग ने ‘धोखाधड़ी’ से बेचा था। ऐसा माना जा रहा है कि आरकॉम ने ‘धोखाधड़ी से की गई’ इस बिक्री की जानकारी, 2025 में शेयर बाजार को दी थी।

Subscribe Now