logo

कोसी महासेतु के पास ट्रेन से कटकर अज्ञात युवक की मौत


सुपौल। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। यह घटना कोसी महासेतु और न्यू झाझा रेलवे स्टेशन के बीच उस समय हुई, जब ट्रेन संख्या 63379 लहेरियासराय–सहरसा मेमू स्पेशल इस मार्ग से गुजर रही थी।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान युवक अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में रेलवे ट्रैक पर जुट गए और आक्रोश जताते हुए ट्रेन को करीब आधे घंटे तक रोक दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृत युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता था। ग्रामीणों ने बताया कि उसे कई बार रेलवे ट्रैक के आसपास भटकते हुए देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि अभी तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Subscribe Now