सुपौल। जिले के भीमनगर स्थित सहरसा चौक पर गुरुवार रात करीब 9 बजे एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान में अचानक आग लग गई, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान में रखे पंखे, तार, मोटर, साउंड सिस्टम सहित सैकड़ों इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए। इस हादसे में करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन दमकल की गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इस दौरान लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने मौके पर नारेबाजी भी की। दमकल की तीन गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पाने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सशस्त्र सीमा बल के दो टैंकरों को भी मौके पर बुलाया गया। उनकी मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही भीमनगर, वीरपुर, रतनपुर और बलुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं एसडीएम नीरज कुमार और एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
दुकान मालिक सुरेश सिंह ने बताया कि उनकी दुकान में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।













