logo

बालू अनलोड कर लौट रहे ट्रैक्टर चालक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत


नवादा,। जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में युवा ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां पंचायत अंतर्गत बरौन-भुआलटांड़ मुख्य पथ पर यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान खड़सारी पंचायत के कदहर गांव निवासी बिजली राम के 22 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गई है।

बताया जाता है कि राहुल कुमार पेशे से ट्रैक्टर चालक था और रोजाना बालू ढुलाई का काम करता था। मंगलवार को वह ट्रैक्टर से बालू अनलोड कर वापस अपने गांव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर का संतुलन अचानक बिगड़ गई।

चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही ट्रैक्टर इंजन व डाला सहित सड़क किनारे पलट गया और लगभग आठ फीट नीचे खेत में चला गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि चालक ट्रैक्टर के चक्के के नीचे दब गया और घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे,लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के स्वजन सहित सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कौआकोल थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को हटवाया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया।

जवान बेटे की मौत की घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम में भेजने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Subscribe Now