logo

बिहार में सीवान जिले के एक स्कूल में लगातार दो रात हुई चोरी


सीवान। जिले के लकड़ी नवीगंज प्रखंड स्थित माधोपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में चोरों ने पुलिस की सुस्ती का खुला मजाक उड़ाते हुए लगातार दो रातों तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 26 अप्रैल की रात पहली चोरी हुई, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। नतीजा—27 अप्रैल की रात चोर फिर लौटे और बचा-खुचा सामान भी समेट ले गए।

सहायक शिक्षक बच्चा राय ने बताया, “पहली रात चोरी के बाद हमने तुरंत सूचना दी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर समय पर पुलिस पहुंचती तो दूसरी रात की घटना टल सकती थी।” चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर हाजिरी के लिए इस्तेमाल होने वाला टैब, पढ़ाई का कीट, हारमोनियम, गिटार, रसोई गैस सिलेंडर समेत कई कीमती सामान उड़ा लिए। हैरानी की बात यह है कि शिक्षा के इस मंदिर में दो रातों तक चोर बेखौफ घूमते रहे और पुलिस नदारद रही।

स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि इलाके में बढ़ते अपराध के बावजूद पुलिस गश्ती केवल कागजी बनकर रह गई है। लोगों ने साफ कहा कि अगर यही हाल रहा तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे। स्कूल प्रशासन ने लकड़ी नवीगंज थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है, लेकिन बड़ा सवाल यही है—आखिर पहली शिकायत पर पुलिस क्यों नहीं जागी?

Subscribe Now