logo

4 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार,तीसरा फरार


पूर्वी चंपारण। जिले के पिपराकोठी थाना क्षेत्र के कोटवा रोड स्थित एक पान दुकान के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलोग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति अफीम लेकर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पिपराकोठी थाना पुलिस, सशस्त्र बल एवं एसएसबी 71वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया, जबकि तीसरा व्यक्ति पुलिस को देखकर भाग निकला।

गिरफ्तार आरोपिताें की तलाशी लेने पर उनके पास से एक-एक किलो के चार पैकेट में कुल 4 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह खेप मोतिहारी से दिल्ली ले जाने वाले थे।

गिरफ्तार आरोपिताे में चन्द्रेश्वर महतो (उम्र 57), ग्राम भीसा, थाना पचरौता, जिला पर्सा (नेपाल) एवं झगड़ू महतो 66 ), ग्राम मठिया, थाना कंगली, जिला पश्चिम चंपारण शामिल है। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

फरार आरोपित की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क का पूरा खुलासा किया जा सके।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश पाण्डेय, थानाध्यक्ष बृजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, एसआई राकेश पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी, सशस्त्र बल एवं एसएसबी 71वीं बटालियन के जवान शामिल रहे।

Subscribe Now