logo

जंगली हाथी के हमले में युवक की मौत, इलाके में दहशत


नवादा।नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया पंचायत अंतर्गत सुअरलेटी गांव में बुधवार को जंगली हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है, जबकि मृतक के घर पर मातम पसरा हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार युवक रोज की तरह गांव के ही नोखी यादव के खटाल से दूध लेने गया था। दूध लेकर वह अपने घर लौट रहा था, तभी जंगल क्षेत्र में घूम रहे जंगली हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हाथी ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

बताया जाता है कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। उसकी असामयिक मौत से परिवार के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

घटना को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में हाथी के आने की जानकारी होने के बावजूद विभाग की ओर से न तो माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया गया और न ही नियमित गश्ती की गई।

ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते लोगों को चेतावनी दी जाती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।

वहीं जब ग्रामीण घटनास्थल की ओर गए तो देखा कि नोखी यादव की एक भैंस को भी हाथी ने मार दिया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Subscribe Now