BREAKING NEWS

logo

सारण के 29 अस्पतालों में अब सिर्फ कार्ड दिखाएं और मुफ्त इलाज पाएं


सारण। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत योजना के तहत डिस्ट्रिक्ट एमपैनेलमेंट कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और पैनल में नए अस्पतालों को जोड़ने की प्रक्रिया की समीक्षा करना था।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में सारण जिले के 18 निजी और 11 सरकारी अस्पतालों कुल 29 को आयुष्मान भारत के पैनल में शामिल किया गया है। इन अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारक प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में एक नए निजी अस्पताल को पैनल में शामिल करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। हालांकि, सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए समिति ने उक्त अस्पताल को फायर सेफ्टी प्रमाणपत्र और क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत अन्य तकनीकी कमियों को दूर करने के लिए एक माह का समय दिया है।

अनुपालन सुनिश्चित होने के बाद ही अगली बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि योजना के दायरे को और बढ़ाया जाए ताकि अधिक से अधिक गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक बोझ न उठाना पड़े। इस अवसर पर सिविल सर्जन, चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीसी आयुष्मान भारत सहित समिति के अन्य सदस्य और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी उपस्थित थे।

Subscribe Now