BREAKING NEWS

logo

समृद्धि यात्रा में सुपौल पहुंचे नीतीश, 200 से ज्यादा योजनाओं को दी सौगात


सुपौल। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दर्ज करने के बाद अपनी समृद्धि यात्रा पर निकले। इस चरण में उनकी समृद्धि यात्रा की शुरुआत सुपौल से हुई।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुपौल में कुल 569 करोड़ रुपये की 213 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 435 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है, जबकि 135 करोड़ रुपये की 129 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। सुपौल में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी सहित सरकार के कई अन्य मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे। 

 कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं मंत्री बिजेंद्र यादव को टोपी और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका सम्मान किया, जिससे मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री ने इस समारोह में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए जहां सरकार की विकास योजनाओं को रेखांकित किया वहीं विपक्ष पर भी निशाना साधा।

 उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अच्छी तरह जानती है कि पहले की सरकारों के समय विकास की गति कैसी थी। कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि पहले शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने में डरते थे और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद कमजोर थी। उन्होंने कहा कि पहले समाज में अक्सर सांप्रदायिक तनाव और टकराव की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब राज्य में सामाजिक सौहार्द और शांति का माहौल कायम हुआ है। सरकार की विकास योजनाओं का लाभ हर वर्ग और हर समुदाय तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर तबके के विकास के लिए काम कर रही है। 

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 2018 में ही हर घर बिजली पहुंचा दिया गया है। अब आप सबको मुफ्त में ही बिजली दिया जा रहा है। अब हम लोग एक और काम कर रहे हैं। आपके घर में ही सोलर लगा रहे हैं, जिससे आपको बहुत फायदा होगा। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण भी किया और लोगों से संवाद किया। मुख्यमंत्री मंगलवार को मधेपुरा भी जाएंगे जहां वे कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।


Subscribe Now