BREAKING NEWS

logo

गुड टच-बैड टच से हेल्पलाइन तक, छात्राओं को किया गया जागरूक


सीवान। महिला एवं बाल विकास निगम, सीवान के तत्वावधान में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय, बसंतपुर टाइप–1 एवं टाइप–4 में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही ‘गुड टच–बैड टच’, पोक्सो अधिनियम, तथा आपात एवं विकट परिस्थितियों में उपयोग किए जाने वाले टॉल फ्री नंबर महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में विस्तार से बताया गया। सामाजिक कुरीतियों एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छात्राओं के बीच एमएचएम किट का वितरण किया गया, ताकि वे सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हों।

कार्यक्रम में अजय कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, सीवान, सुषमा भलेरिय टोप्पो, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बालिकाओं को आत्मविश्वासी बनने तथा किसी भी प्रकार की समस्या की स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का निसंकोच उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

Subscribe Now