अपराध नियंत्रण में लापरवाही पर मधेपुरा पुलिस का बड़ा एक्शन : तीन थानाध्यक्ष निलंबित

अपराध नियंत्रण में लापरवाही पर मधेपुरा पुलिस का बड़ा एक्शन : तीन थानाध्यक्ष निलंबित
मधेपुरा। मधेपुरा में अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यशैली को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने कार्य में लापरवाही, एफआईआर दर्ज करने में ढिलाई और जनता की शिकायतों के प्रति नकारात्मक रवैये को गंभीरता से लेते हुए जिले के तीन थानाध्यक्षों को निलंबित कर दिया है।

निलंबित किए गए थानाध्यक्षों में भर्राही थाना के अरमोद कुमार सिंह, बिहारीगंज थाना के कृष्ण कुमार सिंह और पुरैनी थाना के चंद्रजीत प्रभाकर शामिल हैं। एसपी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

एसपी संदीप सिंह ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में अपराधियों की गिरफ्तारी में सुस्ती, एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी और आम लोगों की शिकायतों के प्रति उदासीन रवैये की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट एसडीपीओ मधेपुरा, एसडीपीओ उदाकिशुनगंज और डीएसपी मुख्यालय द्वारा सौंपी गई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर जिले के सभी थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की प्राथमिकता आम लोगों को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए फिलहाल तीनों थानों में अपर थानाध्यक्षों को अस्थायी प्रभार सौंपा गया है। नियमित थानाध्यक्षों की नियुक्ति जल्द किए जाने की बात कही गई है।

मधेपुरा पुलिस की इस कार्रवाई को एसपी संदीप सिंह की सख्त कार्यशैली और जवाबदेह पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Subscribe Now