स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला के दोनों छोटे बच्चे उसके पास बैठकर रो रहे थे, जिसके बाद आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान काजल कुमारी (पति – मोहम्मद मुर्शीद) के रूप में हुई है। वह जीतापुर वार्ड नंबर 8 की निवासी बताई जा रही हैं। बच्चों ने पूछताछ में अपना घर जीतापुर बताया और पिता का नाम मोहम्मद मुर्शीद बताया। परिजनों के मुताबिक, महिला के दो छोटे बच्चे हैं और वह गर्भवती भी थी।
परिजनों ने बताया कि महिला का अपने पति से कुछ समय पहले विवाद हुआ था। पति रोज़गार के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन स्टेशन पहुंचे। उन्होंने कहा कि मौत कैसे हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल किसी को नहीं है।
रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए भीड़ जुट गई और माहौल भावुक हो गया। दो मासूम बच्चों का रोता हुआ दृश्य देखकर लोग व्यथित नजर आए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा रेलवे स्टेशन परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्लेटफॉर्म संख्या दो पर एक गर्भवती महिला को संदिग्ध अवस्था में अचेत पड़े देखा गया।












