logo

करजाइन बाजार में तेज रफ्तार टैंक लोरी ने बाइक सवार को कुचला


सुपौल। जिले के करजाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत करजाइन बाजार में मंगलवार शाम करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टैंक लोरी ने एक बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद मृतक का सिर बुरी तरह फट गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना में शामिल टैंक लोरी को जब्त कर लिया।

मृतक की पहचान करजाइन वार्ड संख्या 9 निवासी 45 वर्षीय भोला साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तेज रफ्तार लोरी की चपेट में आ गए। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भोला साह अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गए हैं, जिनमें 13 वर्षीय पितम और 12 वर्षीय गौरव शामिल हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय और प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Subscribe Now