logo

बिहार के सुपौल में गुटखा उधार न देने पर फायरिंग


सुपौल। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में गुटखा उधार नहीं देने को लेकर हुआ मामूली विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। यह घटना निर्मली पंचायत के मेहता टोला वार्ड संख्या-7 में हुई।

पीड़ित महिला दुकानदार प्रमिला देवी ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे एक बाइक पर सवार तीन किशोर उनकी जनरल स्टोर दुकान पर पहुंचे। तीनों ने ‘राज निवास’ गुटखा उधार मांगा, लेकिन महिला ने उधार देने से इनकार कर दिया और पास की दूसरी दुकान से लेने की बात कही।

इसके बाद तीनों लड़कों ने महिला को धमकी दी कि “तुम्हारे ऊपर गोली चलेगी” और वहां से चले गए। लगभग आधे घंटे बाद तीनों युवक दोबारा लौटे और दुकान के पास एक राउंड फायरिंग कर दी। उस समय महिला दुकान बंद कर अपने आंगन में चली गई थीं, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

इसके बाद रात करीब 8 बजे आरोपियों ने महिला के घर के सामने सड़क पर फिर से फायरिंग की, जिससे इलाके में और भय का माहौल बन गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। रात करीब 10:30 बजे दो युवक फिर बाइक से वहां से गुजरते दिखे, जिन्हें ग्रामीणों ने पहचान लिया। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे तेज़ी से भाग निकले।

पीड़िता के पुत्र सोनू कुमार ने पिपरा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरा अभी अज्ञात है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी नाबालिग हैं।

इस संबंध में पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है ।उन्होंने बताया कि आपसी विवाद का मामला है। ।गोली चलाने की बात की पुष्टि नहीं की है। आवेदन मिला है जांच की जा रही।

Subscribe Now