पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 'समृद्धि यात्रा' पर गुरुवार को सिवान पहुंचे। इस बीच मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर धमाके से हड़कंप मच गया। यह धमाका हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बड़रम गांव में हुआ है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि विस्फोट पटाखों के कारण हुआ है, जिसमें एक युवक की मौत की सूचना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़रम गांव में अवैध रूप से पटाखा या विस्फोटक सामग्री बनायी जा रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ है। इस धमाके की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई है। आस-पास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनायी दी। धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। हुसैनगंज थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और इलाके को चारों तरफ से घेरकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मलबे को हटाने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि यह धमाका किस तरह का था और इसमें और कितने लोग शामिल थे। मामले की सूचना फॉरेंसिक टीम को भी दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
बिहार के सीवान में मुख्यमंत्री नीतीश के आगमन के बीच धमाका, युवक की मौत












