logo

बिहार में सरकार गठन की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू, कुछ ही दिनों में सब कुछ तय हो जाएगा: विजय चौधरी


पटना। बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच लगातार दो दिनों तक हुई अहम बैठकों के बाद सरकार के भविष्य को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं। इस बीच राज्य सरकार में मंत्री विजय चौधरी ने संकेत दिए हैं कि राज्य में जल्द ही नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है।

पटना में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में विजय चौधरी ने कहा कि आगामी कुछ दिनों में सरकार गठन को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी टाइमलाइन जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी, जिससे राजनीतिक अनिश्चितता खत्म हो सके।

जब उनसे अगले मुख्यमंत्री के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि यह निर्णय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हाथ में है। उन्होंने बताया कि भाजपा की एक तय प्रक्रिया होती है, जिसके तहत मुख्यमंत्री पद के लिए नाम का चयन किया जाता है।

इसके बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी विधायक मिलकर विधायक दल की बैठक में अपने नेता का चुनाव करते हैं। वही नेता राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनता है।

विजय चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा की भूमिका इस पूरे घटनाक्रम में बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन अंतिम औपचारिक निर्णय गठबंधन के सभी घटक दलों की सहमति से ही लिया जाएगा।

कैबिनेट गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी संभावना तो है, लेकिन फिलहाल इसकी तारीख तय नहीं की गई है। इससे साफ है कि सरकार गठन के साथ-साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर भी अभी मंथन जारी है।

सबसे अहम बात यह रही कि विजय चौधरी ने संकेत दिया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि, उन्होंने कोई निश्चित तारीख नहीं बताई, लेकिन यह जरूर कहा कि पूरी प्रक्रिया का खाका जल्द सामने आएगा।

अंत में उन्होंने मीडिया और जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील की और कहा कि बिहार की राजनीति में चल रही इस हलचल पर जल्द ही स्पष्ट तस्वीर सामने आ जाएगी।

Subscribe Now