logo

बिहार : एसएसबी जवान की सरकार से गुहार, देश बचाऊं या परिवार?


- कोर्ट के आदेश की अनदेखी, जवान ने भावुक वीडियो जारी कर साझा की पीड़ा

पटना। अरुणाचल प्रदेश में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में तैनात सासाराम निवासी जवान प्रमोद कुमार ने अंचल अधिकारी (सीओ) पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के बावजूद उनकी जमीन भू-माफियाओं को दे दी गई और परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं। इस मामले ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसएसबी जवान ने फेसबुक पर वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा साझा की है।

वायरल वीडियो में एसएसबी जवान प्रमोद कुमार ने कहा कि एक सैनिक हर परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालता है, लेकिन जब उसका अपना परिवार और संपत्ति ही सुरक्षित न हो तो वह किस मनोस्थिति में ड्यूटी करेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मेरा परिवार ही सुरक्षित नहीं है तो मैं देश की रक्षा कैसे करूं?

प्रमोद कुमार के अनुसार, सासाराम स्थित उनकी जमीन पर वर्षों से विवाद चल रहा था। इस मामले में कोर्ट (डीसीएलआर) ने उनके पक्ष में फैसला दिया था और जमीन पर उनका अधिकार माना था। आरोप है कि तत्कालीन सीओ शिव शरण उपाध्याय ने कोर्ट के आदेश और सिविल कोर्ट के नोटिस की अनदेखी करते हुए भू-माफियाओं से कथित तौर पर मोटी रकम लेकर जमीन उन्हें आवंटित कर दी।

जवान ने बताया कि 28 मार्च को सीओ ने दोनों पक्षों को सुनवाई के लिए बुलाया था। उस दिन वह खुद ड्यूटी पर थे, लेकिन उनका परिवार (भाभी और बच्चे) सीओ कार्यालय पहुंचा और पूरे दिन गेट पर इंतजार करता रहा। आरोप है कि उस दिन सुनवाई नहीं की गई, क्योंकि भू-माफिया पक्ष का कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। बाद में बिना सुनवाई, बिना कोर्ट के आदेश और नोटिस को देखे, जमीन भू-माफियाओं के पक्ष में कर दी गई।

उन्होंने यह भी बताया कि जमीन का विवरण खाता संख्या 287 और प्लॉट संख्या 54, 07, 08, 09 आदि से जुड़ा है, जिस पर विवाद चल रहा है। अब भू-माफियाओं द्वारा उनके परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं कि यदि आगे कोई कार्रवाई की गई तो जान से मार दिया जाएगा।

Subscribe Now