किशनगंज। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुखानी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60.615 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक वाहन जब्त करते हुए पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिले में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सुखानी थानाध्यक्ष मन्नु कुमारी के नेतृत्व में एनएच-327ई स्थित तातपौवा गांव मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान ब्लू रंग की हुंडई i10 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR10K3111) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखी गई पश्चिम बंगाल निर्मित विभिन्न ब्रांड की कुल 60.615 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
मौके पर वाहन चालक सह तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बीरबल यादव पिता दुखा यादव, निवासी धमदाहा मध्य वार्ड-04, थाना धमदाहा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस मामले में सुखानी थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 06.04.2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30 (ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है।
पूछताछ के आधार पर तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों तथा अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष मन्नु कुमारी, मनिषा कुमारी, अजय कुमार, सूबेलाल कुमार, अरुण कुमार, पूजा कुमारी एवं किशन कुमार शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किशनगंज में 60.615 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार, वाहन जब्त







.jpeg)




