BREAKING NEWS

होर्डिंग-पोस्टर की चमक से दूर रहकर संगठन मजबूत करेंगे विनोद तावड़े, यूपी दौरे पर खास रणनीति

होर्डिंग-पोस्टर की चमक से दूर रहकर संगठन मजबूत करेंगे विनोद तावड़े, यूपी दौरे पर खास रणनीति

-कार्यकर्ताओं को होर्डिंग, पोस्टर नहीं लगाने की सख्त हिदायत

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री व संगठन की दृष्टि से उप्र के प्रभारी विनोद तावड़े का उत्तर प्रदेश दौरा पांच सितंबर को शुरू होगा। उनका यह दौरा चकौचौंध से एकदम दूर होगा। अपने दो दिवसीय लखनऊ प्रवास के दौरान 2027 में पार्टी को विजय दिलाने पर उनका पूरा फोकस रहेगा। प्रदेश नेतृत्व के साथ गहन मंथन-चिंतन कर पूरा खाका तैयार करेंगे। ताकि उप्र में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बन सके।

वरिष्ठ पत्रकार नवलकांत सिन्हा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में काम कर चुके विनोद तावड़े को संगठन का लंबा अनुभव है। केन्द्रीय नेतृत्व ने इसीलिए उन्हें देश के सबसे बड़े राज्य का चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के भीतर से जो खबर आ रही है कि उन्होंने उप्र प्रवास को लेकर सख्त हिदायत दी है कि उनके स्वागत में कोई कार्यकर्ता होर्डिंग पोस्टर नहीं लगाएगा। उन्हें चकौचौंध से दूरी बनाकर रहना है। ताकि उनका पूरा ध्यान सांगठनिक कील कांटे को दुरुस्त करने में ही लगे। सिन्हा ने कहा कि यह किसी भी संगठन के लिए अच्छा होगा। वैसे भी भाजपा पूरी सिद्दत से चुनाव लड़ती है। उसकी तैयारी यहीं से शुरू हो गयी है।

उप्र प्रभारी बनने के बाद राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े पहली बार उप्र दौरे पर आ रहे हैं। प्रदेश पदाधिकारियों के साथ वह परिचयात्मक बैठक करेंगे। संगठन की अलग-अलग बैठकों में शामिल होंगे। सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक जैसे महत्वपूर्ण चेहरों के साथ भी उनकी मुलाकात होगी।

 संगठन और सरकार के लोगों से फीडबैठक लेने के उपरांत यूपी भाजपा के लिए केन्द्र से तैयार रोडमैप सौंपकर जाएंगे। भाजपा अगले छाह माह तक उसी रोडमैप पर कार्य करेगी। इसके साथ ही यूपी से मिले फीडबैक के आधार पर वह रिपोर्ट तैयार कर केन्द्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे। ताकि जरूरत के हिसाब से संगठन की रणनीति में बदलाव कर भाजपा को और मजबूत किया जा सके।

Subscribe Now