गंडक में समाईं तीन मासूम बहनें, नाव पलटने से मची चीख-पुकार

गंडक में समाईं तीन मासूम बहनें, नाव पलटने से मची चीख-पुकार
  • एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम चला रही सर्च ऑपरेशन, गांव में मातम
सिधवलिया (गोपालगंज): सिधवलिया प्रखंड में शुक्रवार की सुबह गंडक नदी में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। महम्मदपुर थाना क्षेत्र के टंडसपुर गांव की तीन मासूम बच्चियां नाव पलटने के बाद गंडक नदी में डूबकर लापता हो गईं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे टंडसपुर गांव के छह लोग नाव पर सवार होकर गंडक नदी पार कर खेती-बारी के कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज तूफान और बारिश शुरू हो गई। खराब मौसम के बीच नाव असंतुलित होकर नदी के बीच पलट गई। हादसे में टंडसपुर गांव निवासी ठाकुर राय उर्फ चंदन राय की नौ वर्षीय पुत्री रिया कुमारी, सात वर्षीय पुत्री कीर्ति कुमारी तथा मजिस्टर राय की आठ वर्षीय पुत्री धनमनी कुमारी गंडक नदी में डूबकर लापता हो गईं। वहीं नाव पर सवार अन्य तीन लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए। सूचना पर बैकुंठपुर अंचल पदाधिकारी गौतम सिंह, सिधवलिया अंचल पदाधिकारी मुन्ना कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। लापता बच्चियों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। एनडीआरएफ के जवानों के साथ स्थानीय गोताखोर भी गंडक नदी में लगातार खोजबीन कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक तीनों बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। प्रशासन द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रखा गया है। मासूम बच्चियों के लापता होने से टंडसपुर गांव में गम और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।

Subscribe Now