पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले में पारा शिक्षक मुकरु देवगम की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में सोमा सुन्डी (25 ), सीनू गौड़ (20 ) और मंगल कारोवा (20)शामिल है।
सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि टोंटो थाना क्षेत्र के पुरनापानी बाजार टॉड के पास 29 नवंबर को मुकरु देवगम (50), जो पुरना चाईबासा के निवासी थे, साप्ताहिक बाजार करने पहुंचे थे। वहीं हंड़िया पीने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपितों ने पत्थर और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रायफल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 नवंबर को ही ग्राम केंजरा से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों ने पूछताछ में हत्या की संलिप्तता स्वीकार की है। इसके बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया है।उनकी स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने खून से सना पत्थर, लकड़ी का डंडा और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।













